निपात शब्द या अवधारक शब्द किसे कहते हैं?
(Nipat Shabd kise kehte hain?)

nipaat ya avdharak shabd

निपात का अर्थ:

निपात शब्द संस्कृत भाषा का शब्द है जिसका अर्थ है ; पतन, विनाश, मृत्यु, आक्रमण, फेंकना आदि। किंतु हिंदी व्याकरण में इसका अर्थ किसी वाक्य को अधिक बल प्रदान करने के अर्थ में लिया जाता है।

निपात शब्द किसे कहते हैं?

किसी वाक्य के पदों के बाद लगने वाले ऐसे अव्यय शब्द जो उस वाक्य के अर्थ को अधिक या विशेष बल प्रदान करते हैं उन्हें निपात या अवधारक शब्द कहते हैं।
अन्य शब्दों में: किसी बात पर अधिक बल या अधिक भार देने के लिए प्रयोग किए जाने वाले शब्द, निपात शब्द या अवधारक शब्द कहलाते हैं।
ये शब्द इस प्रकार होते हैं; हाँ, जी, नहीं, जी नहीं, काश, क्या, ठीक, लगभग, तो, ही, भी, तक, मात्र, केवल, भर इत्यादि।

उदाहरण वाक्य: मैं दिल्ली जाऊँगा।

निपात शब्द के बाद यही वाक्य:

  • मैं ही दिल्ली जाऊँगा।
  • मैं दिल्ली ही जाऊँगा।
  • मैं भी दिल्ली जाऊँगा।
  • मैं दिल्ली भी जाऊँगा।
  • मैं दिल्ली तक जाऊँगा।
  • मैं केवल दिल्ली जाऊँगा।
  • मैं तो दिल्ली जाऊँगा।

इन सभी वाक्यों में हमने देखा कि निपात शब्दों के प्रयोग से वाक्य को एक स्पष्ट अर्थ मिलता है और एक साधारण सा वाक्य निपात शब्दों के बाद वाक्य को एक विशिष्ट अर्थ प्रदान करता है। या कह सकते हैं वाक्य को विशेष बल प्रदान करता है।

निपात शब्दों के प्रकार:

  1. स्वीकृति बोधक निपात शब्द:

    हां, जी, जी हां, हां जी।
    उदाहरण:हां जी, मैंने अपना सब काम कर लिया।

  2. नकार बोधक निपात शब्द:

    नहीं, न, नहीं जी, जी नहीं।
    उदाहरण:मेरा भाई दिल्ली नहीं जायेगा।

  3. निषेध बोधक निपात शब्द:

    मत, मना
    उदाहरण:तुम वहां मत जाओ।

  4. तुलना बोधक निपात शब्द:

    सा
    उदाहरण:वह तुम सा सीधा बालक है।

  5. आदर बोधक निपात शब्द:

    जी
    उदाहरण:भैया जी मैं घर पहुंच गया।

  6. बल प्रदायक निपात शब्द:

    तो, ही, भर, केवल, मात्र,भी आदि।
    उदाहरण:यह काम तुम ही करोगे।

  7. प्रश्न बोधक निपात शब्द:

    क्या, कैसे
    उदाहरण:अब तुम क्या करोगे?

  8. अवधारणा बोधक निपात शब्द:

    ठीक, लगभग, करीब- करीब आदि।
    उदाहरण:मकान लगभग तैयार है।

  9. विस्मयादिबोधक निपात शब्द:

    क्या!, काश! आदि
    उदाहरण:क्या! तुमने काम कर लिया है।